Tiger attack in Shimla: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नेरवा क्षेत्र में एक बाघ ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। यह घटना चौपाल के चंजाल पुल इलाके की है, जहां नेपाली मूल के प्रकाश अपनी पत्नी और बेटी अनुषा के साथ एक कैंप में रहते हैं और सेब बागवान जगदीश ठाकुर के लिए काम करते हैं।
घटना उस समय हुई जब बच्ची शौच के लिए शाम करीब 7 बजे कैंप से बाहर निकली। घात लगाए बाघ ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। बच्ची की मां के जोर-जोर से चिल्लाने पर बाघ बच्ची को घर से थोड़ी दूर छोड़कर भाग गया।
हमले में बच्ची की पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। बच्ची को तत्काल नेरवा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से बाघ को पिंजरे में पकड़ने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।



