Follow Us:

सिरमौर: शिलाई में बरातियों से भरी बोलेरो कैंपर हुई हादसे का शिकार, 9 की दर्दनाक मौत

|

शिलाई उपमंडल में टिम्बी-बकरास मार्ग पर एक वाहन के खाई में गिरने से 9 व्यक्तियों की दर्दनाक मौत होने का दुखद समाचार मिला है। ग्रामीणों ने तुरंत ही रेस्क्यू शुरू कर दिया था। मगर अधिकतर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चडेऊ से बारातियों को लेकर बोलेरो कैंपर बकरास की तरफ जा रही थी। पशोग नामक जगह पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो कैंपर खाई में जा गिरी।

सूचना मिलते ही शिलाई से थाना प्रभारी व एसडीएम घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। फिलहाल शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन बताया ये जा रहा है कि अधिकतर युवा ही इस वाहन में सफर कर रहे थे। पूरी घाटी में हादसे के बाद शोक की लहर है।

उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने कहा कि 9 व्यक्तियों की मृत्यु का समाचार मिला है। फिलहाल ये भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस वाहन में कितने लोग सवार थे। कुछ देर बाद वो भी घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे। हालांकि इस मार्ग पर कई जगहों पर क्रैश बैरियर लगे हैं, मगर जिस जगह हादसा हुआ है, वहां क्रैश बैरियर थे या नहीं, इस बात की भी सही जानकारी नहीं मिल पाई है। 

हादसे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जताया दुख

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने सिरमौर जिले के शिलाई अनुमंडल के अंतर्गत पशोग गांव में सोमवार शाम हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। भजापा प्रदेश अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को इस दुर्घटना में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य देखभाल उपचार प्रदान करने को कहा।