Follow Us:

बस में महिला से छेड़छाड़ करना नशेड़ी को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

सुनील ठाकुर |

एक यात्री को बस में हुड़दंग मचाना और महिला से छेड़छाड़ करना महंगा पड़ा। जानकारी के अनुसार एक महिला शिमला-पालमपुर बस में यात्रा कर रही थी। महिला के साथ बैठा यात्री कथित तौर पर नशे में था और बस में न केवल हुड़दंग मचा रहा था बल्कि, महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ भी कर रहा था। अन्य यात्रियों ने व्यक्ति को कई बार समझाने का प्रयास किया गया लेकिन, वह नहीं माना।

जिस पर महिला ने इसकी शिकायत एसपी बिलासपुर को फोन पर दी। जिस पर एसपी ने डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा को इस बाबत कार्रवाई करने के आदेश दिए। डीएसपी ने नम्होल पुलिस चौकी प्रभारी को कार्रवाई करने के आदेश दिए। जिस पर नम्होल पुलिस चौकी ने इस बस को नम्होल में रोका और उस व्यक्ति को बस में हुड़दंग मचाने तथा शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान ब्यास देव (47) निवासी बैजनाथ के रूप में हुई है। डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।