Follow Us:

ऊना: टेंपो के नीचे कुचला गया डेढ़ साल का मासूम, 19 घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

ऊना जिले के के पंडोगा में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में डेढ़ साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सर्वजोत सिंह पुत्र लखविंद्र सिंह निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। वहीं लखविंद्र सिंह की दोनों बाजू फ्रेक्चर हो गई हैं। हादसे में 19 श्रद्धालु बुरी तरह से घायल हो गए।

घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। यहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। हादसे का कारण टेंपो की ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
श्रद्धालुओं का जत्था टेंपो में लुधियाना से बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में माथा टेकने जा रहा था। बताया जा रहा है कि टेंपो में करीब चार दर्जन के करीब श्रद्धालु सवार थे। हादसा उस वक्त हुआ जब पंडोगा की उतराई उतरते समय चालक ने टेंपो से नियंत्रण खो दिया जिससे यह पलट गया।

हादसे के बाद पंडोगा श्रद्धालुओं की चीख-पुकार से दहल गया। दर्दनाक हादसे में टेंपो के नीचे कुचलने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस में ईसपुर अस्पताल लाया गया।

यहां से इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया। एएसपी ऊना विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी घायलों को हरोली और ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया गया है।