Follow Us:

ऊना में पेड़ से लटके मिले शव की हुई शिनाख्त, उत्तराखंड के ऋषिकेश की थी रहने वाली

दीक्षा बैंस, बिलासपुर |

जिला ऊना के झंबर गांव में पेड़ से लटके मिले शव  की शिनाख्त कर ली गई है। शव की पहचान उत्तराखंड के ऋषिकेश निवासी 32 वर्षीय पूजा के रूप में की गई है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार महिला पति और तीन साल के बेटे के साथ नगर पंचायत मैहतपुर – बसदेहड़ा स्थित किराए के मकान में रह रही थी। वहीं, शुक्रवार सुबह से वह लापता बताई गई थी। 

जिसके संबंध में उसके पति वरुण शर्मा ने पुलिस के पास शिकायत भी दर्ज़ करवा रखी थी। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला के मायके पक्ष को भी उसकी मौत की सूचना दे दी है। जिसके बाद उसके माता – पिता उत्तराखंड से ऊना पहुंच गए हैं। पुलिस ने पति के बयान दर्ज कर लिए हैं। जबकि उसके माता – पिता से भी मामले के संबंध में जानकारी हासिल की जा रही है।