Follow Us:

तिरंगे का अपमान करने पर दो को 3 साल की कैद

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान पर दो लोगों को तीन-तीन साल कैद की सजा सुनाई गई है। कारावास के साथ 10-10 हजार रुपये जुर्माना भी देना होगा। मामले में तीन अभियुक्तों को दोषी पाया गया है। इनमें से एक की मौत हो चुकी है।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नाहन डॉ. आबीरा बासु की अदालत ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रहे दो लोगों को यह सजा सुनाई। सहायक जिला न्यायवादी गीतांजलि ने बताया कि मामला 2014 का है। आम आदमी पार्टी के सदस्यता अभियान में पार्टी कार्यकर्ता फार्म भरवाने का कार्य कर रहे थे।

इस दौरान पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं ने तिरंगे का मेजपोश बना दिया। साथ ही तिरंगे को साइन बोर्ड बनाकर इस्तेमाल किया गया। इस मामले में अदालत ने कालाअंब निवासी विश्वनाथ शर्मा और वाल्मीकि बस्ती निवासी सोहनलाल को तीन-तीन साल कैद की सजा सुनाई है। इस मामले में तीसरे दोषी दीपक का निधन हो गया था।