Follow Us:

ऊना: बसाल वैन हादसा, हादसे में गंभीर रूप से घायल ने PGI में तोड़ा दम

रविंद्र, ऊना |

पुलिस थाना ऊना के तहत बसाल में पेश आए दर्दनाक हादसे में वैन सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक कुमार (38) पुत्र हरभजन सिंह निवासी रामपुर और गोविंद सिंह 17 पुत्र गुरबचन सिंह निवासी धमांधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने बुधवार देर रात वाहनों की चेकिंग के लिए बसाल के समीप नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान करीब 11 बजे पुलिस ने एक ट्रक चालक को जांच के लिए रोका हुआ था। इसी बीच अंब की तरफ से वैन संख्या HP-20-6438 तेज रफ्तार से आई और चैकिंग के लिए रोके गए ट्रक के पीछे से जोरदार टक्कर दे मारी। जिससे वैन में सवार दोनों युवक अशोक कुमार और गोविंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चालक को वैन से निकालने का प्रयास किया लेकिन हादसा इतना जबरदस्त था कि अशोक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गोविदं को पुलिस और लोगों की मदद से उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया। लोगों ने वाहन चालक को कार से निकालने का बहुत प्रयास किया लेकिन दो घंटे के प्रयास के बाद भी उसे कार से बाहर नही निकाला जा सका।

वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल गोविंद ने भी वीरवार को पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अशोक कुमार बसाल में ही चिकन की शॉप करता था। उसके दो बच्चे भी हैं। जबकि गोविंद दुकान बंद करके उसके साथ ही ऊना की तरफ वापिस आ रहा था। हादसे का कारण ओवर स्पीड बताया जा रहा है। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस ने इस संबध में मामला दर्ज कर लिया है।