Follow Us:

ऊना: दीवार तोड़कर घर के अंदर घुसी टाटा सूमो, 2 घायल

रविंद्र, ऊना |

पुलिस थाना चिंतपूर्णी के तहत धर्मशाला महंता में एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे बैडरूम में जा घुसी। हादसे में वृद्ध दंपति घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं बैडरूम में सूमो घुसने के चलते अंदर रखे सामान को काफी नुक्सान पहुंचा है। हादसे में हजारों रुपये का नुक्सान आंका जा रहा है। बताया जा रहा है कि सूमो चालक नशे में था, जिसके कारण हादसा पेश आया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात धर्मशाला महंता निवासी हरिराम (75) अपनी पत्नी केसरी देवी के साथ सोया हुआ था। इसी बीच रात करीब 9 बजे अचानक घर की दीवार तोड़ते हुए एक टाटा सूमो अंदर घुस गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टाटा सूमो में सुखदेव और पुष्पिंद्र निवासी धर्मशाला महंता सवार थे, जोकि नशे में थे। दोनों सूमो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे कि घर से महज 50 मीटर दूरी पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे मकान में जा घुसी। हादसे में हरिराम और उसकी पत्नी केसरी देवी घायल हुए हैं।

गाड़ी के घर में घुसने से अंदर रखे टीवी, फ्रिज और बैड टूट गए हैं। वहीं गाड़ी के अगले टॉयर बैड पर चढ़ गए। हादसे में घायल दंपति को ग्रामीणों ने बड़ी मुशिकल से बाहर निकाला और उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।