Follow Us:

ऊना: युवकों को घायल करने के बाद खेतों में घुसा तेंदुआ

रविंद्र |

जिला ऊना के उपमंडल अम्ब के तहत गांव टकराला में तेंदुए के खौफ से लोग छतों पर चढ़े रहे। मामला गुरूवार सुबह का है जब एक तेंदुआ एक घर के नज़दीक खेतों में गेहूं की आड़ में बैठा रहा। लोग तेंदुए के डर से सुबह 10 बजे से ले कर देर शाम तक अपने घर की छतों पर खड़े रहे।

जानकारी के अनुसार तेंदुए ने गांव के 2 युवकों पर हमला बोल दिया था जिनमें से एक की पहचान 17 साल के अमरीश ठाकुर निवासी टकाराला के रूप में हुई है। इस युवक के बाएं कंधे पर तेंदुए के दांतों के गहरे निशान लगे हुए थे और उसकी पीठ पर खरोंचे पाई गई, दूसरे युवक की पहचान 22 साल के सतीश कुमार पुत्र सुरम् सिंह निवासी टकारला के रूप में हुई जिसे तेंदुए ने घायल किया था। तेंदुए की इतनी दहशत थी कि लोग छतों से नीचे नहीं उतर पाए।

गांव वासियों का कहना है कि उन्होंने तेंदुए को पिछले 1, 2 दिन पहले इलाके के आस-पास देखा था। जिसे कन्ट्रोल करने के लिए वन विभाग के अफसरों और पुलिस ने मौके पर आकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की लेकिन रात के अंधेरे में तेंदुए को देख नहीं पाए। बाद में सब ने फैसला लिया कि अगले दिन ड्रोन की मदद से तेंदुए को पकड़ेंगे।