Follow Us:

ऊना: दिल्ली से धर्मशाला जा रही मिनी टूरिस्ट बस संतोषगढ़ के पास पलटी, 12 यात्री घायल

रविंद्र, ऊना |

जिला ऊना की नगर परिषद संतोषगढ़ में वीरवार सुबह दिल्ली से धर्मशाला जा रही मिनी टूरिस्ट बस पलट गई। हादसे में बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बस में सवार 12 यात्रियों को मामूली चोटें पहुंची हैं। गंभीर घायल में बस चालक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। जहां पर उसका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली से धर्मशाला बाया सेहजोवाल जा रही बस संतोषगढ़ संधू स्वीट शाप के पास अचानक पलट गई। बस में लगभग 12 यात्री महिला और पुरूष थे, जिनको मामूली चोटें आई हैं। सभी यात्रीयों को सीएचसी संतोषगढ़ में इलाज करवाया गया। हादसे में बस ड्राइवर केहर सिंह निवासी यूपी को काफी चोटें आई हैं, जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है।

बताया जा रहा है हादसा ड्राईवर को दौरा पड़ने के कारण हुआ है। पुलिस चौकी संतोषगढ़ के इंजार्च कल्याण सिंह ठाकुर ने बताया है कि बस के ड्राइवर को कुछ चोटें आई हैं। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।