Follow Us:

ऊना: बिजली का बिल काटने आए कर्मचारी को महिला प्रधान ने थप्पड़ और जूतों से पीटा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

ऊना के चिंतपूर्णी में एक गांव में बिजली का बिल काट रहे अस्थाई कर्मचारी को गांव की महिला प्रधान द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। यही नहीं महिला प्रधान ने बाद में पुलिस के सामने जूतों से भी उसकी पिटाई कर डाली। इसके बाद मामला गरमा गया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा होने के बाद किसी भी तरह का कोई केस दर्ज नहीं करवाया गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार को विद्युत बोर्ड चिंतपूर्णी कार्यालय का अस्थाई कर्मचारी साथ लगते गांव में महिला प्रधान के घर बिजली का बिल काटने पहुंचा। जब कर्मचारी बिल काटकर प्रधान को देने लगा तो उसने ज्यादा बिल आने पर बिजली का बिल लेने से मना कर दिया। इस पर कर्मचारी ने कहा कि आपका बिल ज्यादा है तो ऑफिस जाकर शिकायत कर सकती हैं। उसने रीडिंग के हिसाब से ही बिल काटा है। इस बात को लेकर दोनों में बहस होने लगी। इस पर प्रधान ने पुलिस बुलाने की बात कही। बिल काटने आए कर्मचारी ने कहा आप पुलिस बुला लीजिए मैं अभी यहीं हूं और आसपास लोगों के बिल काट रहा हूं। ये कहकर कर्मचारी गेट खोलकर घर से बाहर जाने लगा। इस बीच दोनों में बहस फिर शुरू हो गई। इस दौरान महिला प्रधान ने कर्मचारी को दो थप्पड़ जड़ दिए।

इस पर कर्मचारी ने विद्युत बोर्ड के एसडीओ और रिश्तेदार को फोन कर दिया। महिला प्रधान ने पुलिस को फोन कर घर बुला लिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसकी मौजूदगी में महिला प्रधान ने कर्मचारी के सिर पर जूते दे मारे। इसके बाद माहौल काफी गर्माया गया। बाद में महिला प्रधान के पति और विद्युत विभाग के एसडीओ ने मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया। इस कारण कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया।