Follow Us:

ऊनाः मछलियों को आटा डालने गई महिला नाले में डूबी, मौत

दीक्षा बैंस, ऊना |

जिला ऊना में मछलियों को आटा डालने गई महिला की नाले में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उपमंडल बंगाणा की लठियाणी पंचायत की 59 साल महिला की गहरे नाले में गिरने से मौत हो गई है। महिला की पहचान सुकन्या शर्मा पत्नी अश्विनी कुमार निवासी लठियाणी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार लठियानी निवासी सुकन्या शर्मा वीरवार शाम मछलियों को आटा डालने के लिए घर के पास ही एक नाले के किनारे गई थी। मछलियों को आटा डालते वक्त सुकन्या का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। महिला के चीखने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे फौरन नाले से बाहर निकाला और उपचार के लिए  बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

एएसपी ऊना विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।