➤ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भवन के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की घोषणा
➤ बालिका आश्रम और सैनिक विश्राम गृह के लिए 2-2 करोड़ रुपये स्वीकृत
➤ निर्माण कार्य में तेजी और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
किन्नौर। मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने बुधवार को किन्नौर जिला के कल्पा में निर्माणाधीन राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल और खेल छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की जाएगी, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने डे-बोर्डिंग स्कूल परिसर में चिन्हित भूमि पर बालिका आश्रम भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री Jagat Singh Negi को स्कूल और खेल छात्रावास के निर्माण कार्य की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की देरी न हो।
इससे पहले रिकांगपिओ विश्राम गृह में किन्नौर जिला पूर्व सैनिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सैनिक विश्राम गृह के लिए निधि उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने सैनिक विश्राम गृह भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने रिकांगपिओ और कल्पा विश्राम गृह में स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और प्रशासन को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।



