Gaming app fraud Solan. सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र में एक व्यक्ति को गेमिंग एप में करोड़ों रुपये जीतने का लालच भारी पड़ गया। शिकायतकर्ता ने डेढ़ लाख रुपये जीतने के बाद एप में और पैसे लगाना शुरू किया, लेकिन साइबर ठगों के जाल में फंसकर 30 लाख रुपये की राशि गंवा दी।
साइबर क्राइम की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि व्यक्ति ने 135 बार ट्रांजेक्शन कर यह राशि डाली। ठगी का अहसास होने पर शिकायतकर्ता ने 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर मामला दर्ज करवाया। साइबर क्राइम ने केस दर्ज करने और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले में साइबर क्राइम के एक्सपर्ट्स का मानना है कि गेमिंग एप के जरिए ठगी के तार दूसरे देशों, खासकर चाइनीज एप से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे एप उपयोगकर्ताओं को करोड़ों कमाने का लालच देकर धीरे-धीरे ठगी का शिकार बनाते हैं।
डीआईजी मोहित चावला ने बताया कि लोगों को केवल वैरिफाइड और प्रोटेक्टेड एप का ही उपयोग करना चाहिए। किसी भी एप को डाउनलोड करने से पहले उसकी टर्म्स एंड कंडीशन और पॉलिसी डिसक्लोजर को जरूर पढ़ें।
साइबर क्राइम के आंकड़ों के अनुसार, हर दिन लगभग 400 से अधिक शिकायतें दर्ज हो रही हैं। ठगी का शिकार होते ही 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाने से रिकवरी की संभावना अधिक रहती है। सिरमौर में हाल ही में हुई एक अन्य ठगी के मामले में पुलिस ने 40 लाख रुपये रिकवर किए हैं।



