Follow Us:

जुब्बल-कोटखाई में 40 करोड़ से बिछ रहा सड़कों का जाल: शिक्षा मंत्री

जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र में 40 करोड़ की लागत से सड़कें बन रहीं
 शिक्षा मंत्री ने पुजारली-4 स्कूल भवन का उद्घाटन और कई विकास कार्यों की समीक्षा की
खेलों को लेकर सरकार गंभीर, युवाओं को मंच देने की दिशा में ठोस पहल


Jubbal Kotkhai Development: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि क्षेत्र में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों को विकास की भाग्यरेखा मानते हुए उनका प्राथमिक लक्ष्य दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी गांव-गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र सड़कों के घनत्व में प्रदेश में अग्रणी बन चुका है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कोटी-साराई-धार सड़क के लिए 15 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अतिरिक्त स्याओ कैंची से बदशाल पुल की 14.50 करोड़ रुपये की डीपीआर निर्माणाधीन है, वहीं मेंदली से स्याओ कैंची सड़क पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। बीते दो वर्षों में तीन नई सड़कें पास हुई हैं: टीलूधार से वाण मंदिर, पुजारली-4 से सीतली, और तमशाल से कंद्रो नाला।

इसी प्रवास में शिक्षा मंत्री ने पुजारली-4 में 22.45 लाख रुपये से बने केंद्रीय माध्यमिक पाठशाला के नए भवन का उद्घाटन किया और फर्नीचर के लिए 2.20 लाख रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी। इसके अलावा, उन्होंने 4.90 करोड़ की लागत से बन रही वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का निरीक्षण भी किया। पशु औषधालय के लिए भूमि हस्तांतरण और 1.15 करोड़ के बजट प्रावधान, साथ ही 33 लाख रुपये की लागत से पंचायत घर का निर्माण भी जारी है।

सरनाहुली मेले के दौरान आयोजित नवयुवक मंडल टिक्करी के 7वें अमन मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के प्रति बेहद संवेदनशील है और युवाओं को नशे से बचाने हेतु खेलों को प्रभावी माध्यम के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि गांवों में छुपी प्रतिभाओं को मंच देने के लिए पंचायत स्तरीय आयोजन जरूरी हैं और इसी सोच के तहत 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि आयोजन समिति को दी गई

कार्यक्रम में एसडीएम रोहड़ू धरमेश, डीएसपी प्रणव चौहान, पंचायत प्रधान लाजवंती ठाकुर, बीडीसी सदस्य ज्ञानवती और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे

15 जून को कठासू प्रवास के दौरान शिक्षा मंत्री द्वारा बरथाटा-कठासू में पटवारखाना भवन उद्घाटन, लंगर भवन भूमि पूजन, कोहली-धापली संपर्क सड़क उद्घाटन, और जलापूर्ति योजना के उन्नयन जैसे कार्यों के लोकार्पण प्रस्तावित हैं। साथ ही वह पूर्ण चंद मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट के समापन और जनसमस्याओं की सुनवाई भी करेंगे।