Follow Us:

सड़कों के निर्माण और रखरखाव में खर्चे जा रहे 14 करोड़ : सरवीन चौधरी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और रखरखाव पर 14 करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किये जा रहे हैं। वे आज शुक्रवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के नेरटी में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित नेरटी से भैरो सन्द सड़क के सुधारीकरण कार्य का उद्घाटन करने के उपरांत बोल रही थीं। इस सड़क के बनने से रैत, नेरटी, भैरो सन्द औऱ मकरोटी गांव के लगभग 1500 लोग लाभान्वित होंगे। सरवीन चौधरी ने कहा कि पुहाड़ा से चूरथा रोड़ पर 17 लाख और मकरोटी भेरों रोड की तायरिंग के लिए 12 लाख रुपये, रैत से सलोल रोड़ पर 86 लाख, कल्याण भवन रैत के निर्माण पर 1 करोड़ 80 लाख, चम्बी-रेहलू-शाहपुर रोड़ के उन्नयन पर 5 करोड़, 3 करोड़ 50 लाख से गडप्पा मोड़ से बगडू-बसनूर-पुहाड़ा रोड़ की डीपीआर तैयार कर नाबार्ड को भेजी गई है औऱ इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मकरोटी से भैरो सन्द रोड़ पर 4 करोड़ 70 लाख रुपये व्यय किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त  सड़क सुधारीकरण  के  लिए 12 लाख रुपए देने की घोषणा की।

इसके उपरांत शहरी विकास मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री ने वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि स्कूलों में ऐसे उत्सवों के आयोजन से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच तो प्राप्त होता ही है, साथ-साथ बच्चों में आत्मविश्वास की भावना के अतिरिक्त प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। सरवीन चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी काल में अनुशासन, परिश्रम की आदत बनानी चाहिए ताकि इसका लम्बे समय तक लाभ मिल सके। सभी बच्चों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसी के आधार पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करनी चाहिए। ज्ञान बढ़ाने के लिए पुस्तकों का अध्ययन जरूरी है। इसके साथ ही महान लोगों की जीवनी के बारे में भी जानना जरूरी है। इससे हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेल और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।
 
शहरी विकास मंत्री ने अध्यापकों से विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य निर्माता हैं और उनकी बहुमुखी प्रतिभा को निखारा जाना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने का भी आग्रह किया ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। उन्होंने बच्चों से उन्हें अपने दैनिक जीवन में घर औऱ स्कूल में स्वच्छता को  अपनाने पर भी बल दिया। बच्चों में नशे का प्रचलन बहुत बढ़ गया है। अभिभावकों तथा अध्यापकों का यह कर्तव्य बनता है कि वे बच्चों पर नजर रखें ताकि वे नशे के दुष्प्रभाव से दूर रहें। स्कूल के प्रधानाचार्य अजय समयाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने स्कूल द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों बारे विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शहरी विकास मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए 15 हज़ार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही स्कूल की बिल्डिंग बनाने के लिए भी 6 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।  शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने प्राइमरी स्कूल नेरटी में बैडमिन्टन कोर्ट बनाने की घोषणा की। इसके उपरांत शहरी विकास मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये।