हिमाचल

सरकारी क्षेत्र में की जा रहीं 20 हजार भर्तियां: मुख्यमंत्री

सरकारी क्षेत्र में की जा रहीं 20 हजार भर्तियां: मुख्यमंत्री
आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण की ओर मजबूती से बढ़ रही प्रदेश सरकार
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा 350 करोड़ रुपये से बनने वाला वन्य प्राणी उद्यान

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है। इसके लिए नीतियों-कानूनों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने यह बात आज कांगड़ा जिले के देहरा और नगरोटा बगवां में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार युवा हितैषी सरकार है और उनके लिए सरकारी क्षेत्र में 20 हजार भर्तियां की जा रही हैं। जलशक्ति विभाग में करीब 10 हजार युवाओं को नौकरी देने के साथ ही शिक्षा विभाग में 6500, पुलिस विभाग में 1231, वन विभाग में 2061 तथा खनन विभाग में करीब 100 भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में नौकरियां देने के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाया जाए।

देहरा के बगलामुखी में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि 350 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला वन्य प्राणी उद्यान कांगड़ा जिला समेत पूरे प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति तथा आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि वह राजनीति में सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं तथा सरकार पूर्व सरकार की भ्रष्ट नीतियों पर लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश की आर्थिकी को पुनः पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नगरोटा बगवां में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि का फॉर्म जारी करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 18 साल से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बागी विधायकों की मदद से भाजपा के आलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा को जनता सबक सिखाएगी। लोगों ने कांग्रेस सरकार को पांच साल के लिए सेवा का मौका दिया है और वे पूरी मजबूती से जन सेवा तथा विकास करके वर्ष 2027 में एक बार फिर जनता की अदालत में आएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के निशान पर जीते 6 विधायकों ने पार्टी से दगाबाजी की है और इन विधायकों को उनसे व्यक्तिगत विरोध हो सकता था, लेकिन पार्टी से विरोध नहीं होना चाहिए था। ये विधायक बजट सत्र के दौरान हैलीकॉप्टर से उड़े और तब से पंचकूला में आराम फरमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के खिलाफ जाने वालों में से एक विधायक ऐसे भी हैं जिन्हे पार्टी ने पूर्व में मंत्री भी बनाया था। उन्हीं के पिता पूर्व में मंत्री और पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी को मंत्रिमण्डल में जगह देना संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दो दशक से विधायक हैं और अब जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का मौका मिला है। मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर खोलने, बहुउद्देशीय मॉडल खेल परिसर बनाने, एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र खोलने की घोषणा की।

उन्होंने नगरोटा बगवां तथा आसपास के क्षेत्र के लिए मल निकासी योजना की घोषणा की तथा 80 मीटर स्पैन के बड़ोह बाथू पुल के निर्माण को भी स्वीकृति दी। उन्होंने नगरोटा बगवां के चंगर क्षेत्र में 68 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना, नगरोटा बगवां में मॉडल पुलिस स्टेशन व चामुंडा से वृंदावन के लिए एचआरटीसी की एसी बस चलाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में पूर्व मंत्री जी.एस.बाली के योगदान को स्मरण किया तथा नगरोटा के विकास के लिए आर.एस.बाली की प्रतिबद्धता की सराहना की।

इस अवसर पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक   आर.एस. बाली ने विकास परियोजनाओं की सौगत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके मजबूत नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने अपनी निधि से नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के 514 पंजीकृत महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों सांकेतिक तौर पर पांच महिला मंडलों को धनराशि के चेक भेंट किए।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता डॉ. राजेश शर्मा तथा नरदेव कंवर ने देहरा को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Kritika

Recent Posts

शारदीय नवरात्रि: दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा से हर मनोकमाना होगी पूरी, जानें विधि और भोग

  शिमला।  शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है।  पहले दिन मां दुर्गा की मूर्ति…

48 mins ago

हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों का नए सिरे से होगा वरिष्ठता आकलन

  मुख्‍य बिंदु अनुबंध सेवाओं को वरिष्ठता के लिए आंके जाने का निर्णय सुप्रीम कोर्ट…

59 mins ago

पुराने 100 रुपये के नोट अब भी मान्य, जानिए RBI के दिशानिर्देश

RBI ने 100 रुपये के नोटों को लेकर अफवाहों का खंडन किया पुराने और नए…

1 hour ago

आज का राशिफल: जानें, किस राशि के लिए है लाभ और किसके लिए है सावधानी

आज का राशिफल 04 अक्टूबर 2024, शुक्रवार मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले,…

2 hours ago

रेलवे कर्मियों को बोनस, खेती-बाड़ी की योजनाओं और तेल-तिलहन के लिए राष्ट्रीय मिशन को मिली मंजूरी

  मुख्य बिंदु: रेलवे कर्मियों को 2028.57 करोड़ रुपये का बोनस। 10,103 करोड़ रुपये के…

12 hours ago

हिमाचल प्रदेश सरकार ने 888 आवश्यक दवाओं और 273 चिकित्सा उपकरणों की खरीद को दी मंजूरी

  Shimla: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए एक…

12 hours ago