Follow Us:

हिमाचल पुलिस के 5 अधिकारियों-कर्मियों को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक

डेस्क |

विशिष्ट और सराहनीय सेवा के लिए दिए जाने वाले राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए हिमाचल पुलिस के 5 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन हुआ है। गणतंत्र दिवस के मौके पर गृह मंत्रालय ने इसकी घोषणा की है। जिन अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक मिला है, उनमें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए साउथ रेंज शिमला के आइजी हिमांशु मिश्रा, एसपी लोकायुक्त रंजना चौहान, शिमला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार शर्मा, बालूगंज थाने के इंस्पेक्टर लक्ष्मण कुमार, सीआईडी के एएसआई जगदीश चंद्र को सराहनीय सेवाओं के लिए यह सम्मान मिला है।

हिमांशु मिश्रा को तेज तर्रार अधिकारी के तौर पर जाना जाता है। जांच कार्य में भी उन्हें महारत हासिल है। एसपी लोकायुक्त रंजना चौहान ने फर्जी डिग्री घोटाले में बेहतरीन कार्य किया है। घोटाले में आरोपित के खिलाफ वित्तीय जांच में उनकी अहम भूमिका रही है। इसके अलावा विजय कुमार शर्मा भी जांच कार्य में माहिर माने जाते हैं। इन सभी अधिकारियों कर्मचारियों ने बेहतरीन कार्य किया है। अपने सेवाकाल में यह पूरी तरह से सेवाओं और जांच कार्य के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। इसी का परिणाम है कि उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है। बता दें कि हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाता है।