Follow Us:

परिवहन मंत्री का HRTC कर्मचारियों और पेंशनरों को तोहफा, 609 करोड़ का लाभ दिया

समाचार फर्स्ट डेस्क |

परिवहन मंत्री जीएस बाली ने आज शिमला में HRTC KRनिदेशक मण्डल की बैठक की अध्यक्षता की। बाली ने कहा  कि HRTC के कर्मचारियों और पेंशनरों को 609 करोड़ के लाभ प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 के लिए 83.78 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। परिवहन मंत्री  ने कहा कि प्रदेश में गत 4 सालों में प्रदेश में 42 करोड़ की लागत से 12 नए बस अड्डों का निर्माण  किया गया है।

बीते 4 महिनों में HRTC के राजस्व में हुई 15 प्रतिशत की वृद्धि:

जीएस बाली ने कहा कि बीते 4 महिनों के दौरान निगम के राजस्व में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और इसमें 40 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में राजस्व में केवल 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की पिछली कोई भी देनदारी देय नहीं है और 10.06 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी की जा रही है, जिसमें 4.50 करोड़ रुपये ओवर टाईम/TA, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए 1.50 करोड़, अवकाश के बदले वेतन के लिए 1.25 करोड़ तथा ग्रेच्युटी के लिए 2.81 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।

निगम में बसों का आंकड़ा 3000 के पार:

परिवहन मंत्री ने कहा कि 325 बसों की खरीद के लिए आपूर्ति आदेश गत 23 जून को जारी किए गए थे और इसमें से पहले लॉट में 12 बसें प्राप्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि निगम का बेड़ा 3000 बसों का आंकड़ा पार कर चुका है। परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य में निर्मित सभी नए बस अड्डे आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। वेटिंग रूम के बाहर विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं।

साढ़े चार वर्षों में 3323 पदों पर नियुक्तियां:

उन्होंने कहा कि गत साढ़े चार वर्षों के दौरान निगम में 3323 व्यक्तियों की विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई जबकि 1440 कर्मचारियों को पदोन्नतियां प्रदान की गई। 3308 अनुबन्ध कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की गई। 382 नियुक्तियां किथ एण्ड किन नीति के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि 574 चालकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिनमें से चयनित 325 चालक एक माह के प्रशिक्षण पर हैं। इसी प्रकार, TMPA के 1300 पदों को भरने की भर्ती प्रक्रिया जारी है।

प्रदेश में दौड़ रही निगम की 86 सुपर लग्जरी बसें

राज्य में वर्तमान में 86 सुपर लग्जरी बसें चलाई जा रही हैं, जिनमें से 52 निगम की जबकि 34 बसें वैट-लीज के अन्तर्गत चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि छूटे क्षेत्रों में यह सुविधा प्रदान करने के लिए 16 और लग्जरी बसें चलाई जाएंगी।बाली ने कहा कि निगम जल्द ही राज्य के दूरदराज, दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में 25 सीटों वाली मुद्रिका बसें चलाएगा और यात्रियों की सुविधा के लिए ‘HRTC जल’ की शुरूआत भी की गई है।