Follow Us:

हिमाचल में 2027 चुनाव को लेकर AAP सक्रिय, 68 सीटों पर लड़ने की तैयारी

➤ 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने तेज की तैयारियां
➤ प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान
➤ 22 मार्च को मंडी में कार्यकर्ता सम्मेलन, मनीष सिसोदिया करेंगे संबोधित



हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पार्टी के हिमाचल प्रभारी ऋतुराज झा की अध्यक्षता में पिछले करीब 10 महीनों से संगठन विस्तार का काम चल रहा है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए ब्लॉक स्तर तक कमेटियों का गठन किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी मजबूती से मैदान में उतर सके।

शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हमीरपुर से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगत राम ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों से निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

जगत राम ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इसी कड़ी में 22 मार्च को मंडी में एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया विशेष रूप से शिरकत करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवानिवृत्त कर्मचारी और बेरोजगार युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और आम आदमी पार्टी इन वर्गों की आवाज उठाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता का समर्थन मिला तो पार्टी पंजाब की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी सरकार बनाने की दिशा में प्रयास करेगी

जगत राम ने कहा कि आगामी समय में पार्टी संगठन को और मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगी, ताकि 2027 के विधानसभा चुनावों में मजबूत विकल्प के रूप में जनता के सामने उतर सके।