Follow Us:

ओमान हमले में जान गंवाने वाले आदित्य की पार्थिव देह हमीरपुर पहुंची, आज अंतिम संस्‍कार

ओमान तट पर मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले आदित्य की पार्थिव देह हमीरपुर पहुंची

गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पूरे सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

पार्थिव देह पहुंचते ही भालू गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ी


हमीरपुर। ओमान तट के पास जहाज पर हुए मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत हड़ेटा के भालू गांव निवासी आदित्य शर्मा की पार्थिव देह बुधवार देर शाम हमीरपुर पहुंच गई। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आठ दिनों से बेटे की राह देख रहे परिवार के लिए यह पल बेहद भावुक और पीड़ादायक रहा। अस्पताल परिसर में देर रात तक अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा।

जानकारी के अनुसार आदित्य की पार्थिव देह बुधवार सुबह दिल्ली पहुंची थी। वहां आवश्यक सरकारी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को चंडीगढ़ लाया गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से देर शाम हमीरपुर पहुंचाया गया। रात करीब आठ बजे जैसे ही पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंची, वहां मौजूद परिजन और स्थानीय लोग भावुक हो उठे। प्रशासन ने अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं तथा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और सम्मान के साथ आदित्य का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों के भी अंतिम संस्कार में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 10 जून को ओमान तट के पास एक जहाज पर हुए मिसाइल हमले में आदित्य शर्मा समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। जहाज पर कुल 24 लोग सवार थे, जिनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। इस घटना ने न केवल आदित्य के परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

आदित्य के पिता ने बताया कि प्रशासन और संबंधित विभागों के सहयोग से पार्थिव देह को सुरक्षित भारत लाया गया। उन्होंने सहयोग के लिए सभी संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया। वहीं भालू गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आदित्य मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे और उनकी असमय मृत्यु ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

गुरुवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद करीब साढ़े 11 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम विदाई देने के लिए दूर-दूर से रिश्तेदार, मित्र और ग्रामीणों के पहुंचने की तैयारी है। पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है