Follow Us:

सपना हुआ सच, अजय ठाकुर को मिला अर्जुन अवॉर्ड

समाचार फर्स्ट डेस्क |

देवभूमि हिमाचल के बेटे एवं भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर को खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया।‬ भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर को खेल में अहम योगदान देने पर पुरस्कार स्वरूप पांच लाख रुपए की राशि, महान धनुर्धर अर्जुन की कांस्य प्रतिमा और एक प्रशस्ति पत्र मिला।  डीएसपी अजय ठाकुर का सपना था कि वे अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किए जाएं और उनका यह सपना पूरा हो गया।

यह अवार्ड उनके परिजनों, गुरुजनों, प्रदेशवासियों, प्रशसंकों और कबड्डी प्रेमियों के प्यार और आशीर्वाद की बदौलत नसीब हुआ है। डीएसपी अजय ने कहा कि कबड्डी के खेल ने उन्हें जिदंगी में बहुत कुछ दिया है, अब उनका प्रयास रहेगा कि जितने साल भी कबड्डी खेलूं देश का मान बढ़ाता रहूं। उन्होंने बातचीत में गांव में अकादमी खोल कर कबड्डी की पौध तैयार करने के अपने लक्ष्य पर भी जल्द काम शुरू करने की बात कही है। समारोह में अजय ठाकुर की धर्मपत्नी संदीप सहित परिवार के अन्य लोग भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। कबड्डी के महारथी हिमाचली सपूत अजय ठाकुर को साल 2019 का अर्जुन अवार्ड खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल करने पर प्रदान किया गया है।

इस मौके पर हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अजय को बधाई दी और कहा कि आपकी उपलब्धि से हिमाचल गौरवान्वित हुआ है।‬

गांव वालों ने मनाई दिवाली

अजय ठाकुर की उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव दभोटा सहित पूरे प्रदेश और देश भर के कबड्डी प्रेमियों में जश्न का माहौल है। अजय के गांव में उनके परिजनों, दोस्तों नें पटाखे चलाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। बता दें कि राजेंद्र कौर और छोटू राम के यहां 1 मई 1986 को जन्में अजय ठाकुर हिमाचल की ऐसी होनहार प्रतिभा है, जो सुविधाओं के अभाव में भी अपनी चमक बिखेरती रही। अजय वर्तमान में भारतीय कबड्डी टीम और प्रो-कबड्डी में तमिल थलाइवाज के कप्तान है।