Follow Us:

एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कांगड़ा में विकास कार्यों का निरीक्षण किया

➤ एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने ग्रीन रूम, स्टोर रूम और कैफेटेरिया निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया
➤ शरद नवरात्रों से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए
➤ कैफेटेरिया से युवाओं को रोजगार और जनता को सुविधा मिलेगी


कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने सोमवार को नगर परिषद मैदान और नेहरू चौक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद मैदान में बन रहे ग्रीन रूम और स्टोर रूम के कार्यों का निरीक्षण किया। वहीं, नेहरू चौक में निर्माणाधीन कैफेटेरिया का भी जायजा लिया।

अजय वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को शरद नवरात्रों से पूर्व पूरा किया जाए ताकि इसका लाभ समय पर आम जनता को मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर परिषद मैदान में आने वाले युवाओं और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए यह ग्रीन रूम और स्टोर रूम उपयोगी सिद्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि कैफेटेरिया बनने से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि यहां आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग भी सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह कैफेटेरिया कांगड़ा की पहचान को और सुदृढ़ करेगा।

अजय वर्मा ने कहा कि आने वाले समय में कांगड़ा के विकास को गति देने के लिए कई नई योजनाएं शुरू होंगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बारिश से प्रभावित हर परिवार को पुनः पटरी पर लाने का कार्य उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।

निरीक्षण के दौरान आरएस वर्मा, एसडीओ ललित कटोच, जेई अक्षय, विजय सहगल और निखिल जमवाल भी मौजूद रहे।