➤ विधायक किशोरी लाल और एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बैजनाथ में बस आगजनी स्थल का किया निरीक्षण
➤ पुलिस को गहन जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
➤ बस अड्डों की सुरक्षा बढ़ाने और रात में गश्त के आदेश जारी
हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने आज बैजनाथ में बसों में आगजनी की घटना स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ विधायक बैजनाथ किशोरी लाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बीती रात आईटीआई बैजनाथ के समीप दो बसों में अचानक आग लग गई, जिनमें एक बस हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की थी और दूसरी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की। दोनों बसें आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
उपाध्यक्ष अजय वर्मा और विधायक किशोरी लाल ने मौके पर पहुंचकर जली हुई बसों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। उपाध्यक्ष ने पुलिस को गहन जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अजय वर्मा ने कहा कि निगम की संपत्ति जनता की संपत्ति है और इसकी सुरक्षा के लिए हर स्तर पर पूर्ण सजगता बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को बस अड्डों और पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने, रात के समय नियमित गश्त सुनिश्चित करने और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश भी दिए।
विधायक किशोरी लाल ने भी घटना पर गहरी चिंता और निंदा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह समाज और प्रदेश की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली निंदनीय घटना है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने प्रशासन को जांच में तेजी लाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपाय और जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इस दौरान उपाध्यक्ष अजय वर्मा और विधायक किशोरी लाल ने बैजनाथ में निर्माणाधीन बस अड्डे का भी निरीक्षण किया, और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष कार्य शीघ्र पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाए।
मौके पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रविंदर राव, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति राहुल धीमान, नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला के कार्यकारी अधिकारी चमन लाल कपूर, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, कार्तिक राणा, स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, परिवहन निगम के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



