Follow Us:

देश सेवा में हिमाचल का लाल शहीद: बैजनाथ के 26 वर्षीय अक्षित शर्मा की राजौरी में ट्रेनिंग के दौरान मौत

कांगड़ा के बैजनाथ क्षेत्र के 26 वर्षीय जवान अक्षित शर्मा जम्मू-कश्मीर में शहीद
राजौरी के सुंदरबनी में रिवर क्रॉसिंग ट्रेनिंग के दौरान मिनावर तवी नदी में हुआ हादसा
पंजाब रेजिमेंट में 7 वर्षों से दे रहे थे सेवा, गांव में शोक की लहर


बैजनाथ/शिमला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। उस्तेहड़ गांव के 26 वर्षीय जवान अक्षित शर्मा देश सेवा करते हुए शहीद हो गए। वह भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट में तैनात थे और जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र में प्रशिक्षण के दौरान हुए हादसे में उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे नौ पंजाब रेजिमेंट के जवान रिवर क्रॉसिंग ट्रेनिंग कर रहे थे। यह अभ्यास कमांडो स्तर की ट्रेनिंग का हिस्सा था, जिसमें जवानों को नदी पार करने की तकनीक और सुरक्षा उपायों का अभ्यास कराया जाता है। इसी दौरान सिपाही अक्षित शर्मा अचानक गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए

घटना के तुरंत बाद सेना की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार को गहन तलाश के बाद मिनावर तवी नदी से उनका शव बरामद किया गया। जवान की शहादत की खबर सामने आते ही गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई

बताया जा रहा है कि अक्षित शर्मा पिछले सात वर्षों से भारतीय सेना में सेवा दे रहे थे और देश की सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे थे। उनका परिवार धार्मिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ है। उनके पिता पहले बैजनाथ के शिव मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा कर चुके हैं।

जवान की शहादत की खबर जैसे ही परिवार और गांव तक पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों का कहना है कि अक्षित बेहद साहसी, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ युवा थे, जो हमेशा देश सेवा को अपना सबसे बड़ा धर्म मानते थे।

बैजनाथ पपरोला नगर परिषद के वार्ड नंबर छह की पूर्व पार्षद कांता देवी ने बताया कि सोमवार शाम को ही हादसे की जानकारी मिल गई थी। मंगलवार को नदी से शव बरामद होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल अक्षित शर्मा की पार्थिव देह जम्मू में है और सेना की ओर से उसे उनके पैतृक गांव लाने की प्रक्रिया चल रही है।

गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोग शहीद जवान को अंतिम श्रद्धांजलि देने की तैयारी कर रहे हैं।