➤ राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मोहटली रैंप के पास हुआ हादसा
➤ 57 श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर सर्विस लेन में पलटी, 16 घायल
➤ पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, मामले की जांच शुरू
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस रविवार को हादसे का शिकार हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मोहटली रैंप के समीप बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सर्विस लेन में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 57 यात्री सवार थे, जिनमें 16 यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे की सूचना मिलते ही डीसीपी संजीव यादव के नेतृत्व में थाना डमटाल पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बस से बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल इंदौरा तथा सिविल अस्पताल पठानकोट भेजा। सभी घायलों का उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पूरी करने के बाद जम्मू से देहरादून लौट रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक निजी बस किराये पर ली थी। यात्रियों ने बताया कि जैसे ही बस डमटाल के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे सर्विस लेन में पलट गई।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिससे घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सका। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
डमटाल पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ।



