Follow Us:

चिट्टा तस्करों का दुस्साहस: पुलिस से बचने के लिए SHO पर चढ़ाई गाड़ी

➤ अंब के नकड़ोह क्षेत्र में नशे की खेप के लेनदेन के दौरान आरोपी ने गाड़ी से थाना प्रभारी को टक्कर मार दी

➤ पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक युवक से चिट्टा बरामद किया और दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है

➤ घायल थाना प्रभारी विपिन शर्मा को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार किया गया


हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नकड़ोह में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ नशे की खेप लेने पहुंचे एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और थाना प्रभारी को ही टक्कर मार दी। इस खतरनाक हादसे में थाना प्रभारी अंब विपिन शर्मा की बाजू और एक टांग में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के बाद से इलाके में पुलिस और नशा तस्करों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंब थाना पुलिस की टीम को नकड़ोह क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और मौके पर पहुंचकर अर्जुन सिंह उर्फ जोनी, जो कि वार्ड नंबर चार, कैलाश नगर, नकड़ोह का निवासी है, उसे बाइक पर रोककर उसकी तलाशी और पूछताछ शुरू की। पुलिस को देखकर हड़बड़ाए अर्जुन सिंह ने अपनी जेब से चिट्टा निकालकर पास की झाड़ियों में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।

मामला तब और गंभीर हो गया जब इसी दौरान गगरेट निवासी जसकीरत सिंह मौके पर उस युवक से चिट्टा लेने के लिए एक गाड़ी लेकर पहुंच गया। जैसे ही जसकीरत की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उसने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी रोकने के बजाय उसकी स्पीड तेज कर दी। आरोप है कि उसने जानबूझकर गाड़ी सीधे थाना प्रभारी विपिन शर्मा की ओर मोड़ दी और उन्हें टक्कर मार दी। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अब इस पूरे मामले में सख्ती से जांच कर रही है और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।