Follow Us:

नॉर्वे और सीरिया में भारत के राजदूतों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गुरूवार को ऑक ओवर में नॉर्वे और सीरिया में भारत के राजदूत कृष्ण कुमार और मनमोहन भनोट से मुलाकात की। इस दौरान मुख़्यमंत्री ने कहा हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत उत्पादन और पर्यटन विशेष रूप से इको-पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन क्षेत्र में विदेशी निवेश की अपार सभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संभावित उद्यमियों और निवेशकों को कई प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। सुरंग निर्माण एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें नॉर्वे राज्य में निवेश कर सकता है, क्योंकि हिमाचल और नॉर्वे की भौगोलिक परिस्थितियां एक समान है। राज्य पहले से ही मत्स्य पालन क्षेत्र में नॉर्वे के साथ सहयोग कर रहा है, क्योंकि भारत नॉर्वेजियन ट्राउट पालन परियोजना कुल्लू ज़िले के पतलीकूहल में क्रियाशील है।

उन्होंने कहा कि नॉर्वे के सहयोग से राज्य के अन्य भागों में भी ऐसी और अधिक परियोजनाएं स्थापित की जा सकती है। इसके अतिरिक्त नॉर्वे बुनियादी ढांचे के निर्माण और सम्बद्ध क्षेत्रों में निवेश कर सकता है। नॉर्वे ठोस कचरा प्रबन्धन के लिए तकनीकी सहयोग में भी निवेश कर सकता है।