Cyber Security Strategy: नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध’ विषय पर गृह मंत्रालय की संसदीय परामर्शदात्री समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गृह राज्य मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल क्रांति का साक्षी बन रहा है। उन्होंने बताया कि डिजिटल विस्तार को देखते हुए साइबर अपराधों से निपटने के लिए केंद्र सरकार चार रणनीतियों—Convergence, Coordination, Communication, और Capacity पर कार्य कर रही है।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ‘म्यूल अकाउंट्स’ की पहचान कर उन्हें सक्रिय होने से पहले बंद करने की दिशा में कार्य करने की बात कही। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के ‘रुकें, सोचें और फिर कार्रवाई करें’ मंत्र पर जोर देते हुए साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।
अमित शाह ने साइबर अपराधों से निपटने के लिए साइबर हेल्पलाइन ‘1930’ के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर, सेवाएं, और उपयोगकर्ताओं के संयुक्त प्रयास से ही साइबर धोखाधड़ी को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है।
बैठक के दौरान संसदीय समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए और सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।



