Follow Us:

बच्चों के अधिकारों की रक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता;अनिता ठाकुर

अनिता ठाकुर ने बाल अधिकार आयोग की जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार
बच्चों के अधिकार, सुरक्षा और विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
शिक्षा, स्वास्थ्य और संरक्षण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस


हिमाचल प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बनीं अनिता ठाकुर ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी।

अनिता ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रभारी रजनी पाटिल सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने हाल ही में शिमला में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर व्यक्तिगत रूप से भी आभार जताया।

उन्होंने कहा कि राज्य में बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनका समग्र विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। आयोग के माध्यम से बच्चों से जुड़े अहम मुद्दों पर गंभीरता से काम किया जाएगा, ताकि हर बच्चे को सुरक्षित और बेहतर भविष्य मिल सके।

अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

अनिता ठाकुर ने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के सहयोग से प्रदेश में बच्चों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह हर बच्चे के सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी और इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।