Follow Us:

हिमाचल का एक और IG सीबीआई के निशाने पर, आय से करीब 150 गुना ज्यादा संपत्ति

समाचार फर्स्ट |

कोटखाई गुड़िया मामले से जुड़े सूरज हत्याकांड में IG जहूर जैदी के जेल जाने के बाद CBI ने एक और IG पर शिकंजा कसा है। हिमाचल कैडर के एक और IG रैंक के अधिकारी CBI के निशाने पर हैं। CBI की टीम उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मिली शिकायत पर जांच कर रही है। अभी तक की जांच में आईजी की आय से करीब डेढ़ सौ गुना ज्यादा संपत्ति होने की बात सामने आई है।

जांच में कहा गया है कि साल 2009 से 2014 तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने अपने परिवार, रिश्तेदार व परिचितों के नाम से दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव के अलावा हिमाचल के कई अलग-अलग हिस्सों में काफी संपत्ति खरीदी है।

सूत्रों के मुताबिक CBI की जांच के बाद से ही IG छुट्टी पर निकल गए है। बताया जा रहा है कि CBI इस मामले में जल्द ही आधिकारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी कर सकती है।

CBI ने पुलिस से मांगी वेतन संबंधी जानकारी

गंभीर आरोपों वाली शिकायत पर सीबीआई ने जांच शुरू की तो कुछ आरोप सही निकले। इसके बाद सीबीआई ने हाल ही में प्रदेश सरकार व प्रदेश पुलिस से उनकी नियुक्ति व वेतन संबंधी जानकारी मांगी। सूत्रों की मानें तो आईजी के वेतन और संपत्तियों के मिलान में आय से अधिक संपत्ति होने की बात सामने आई है।

इस बीच जांच शुरू होते ही आईजी ने लंबी छुट्टी लेकर दिल्ली में डटे हुए हैं। हालांकि, सीबीआई की जांच अब भी जारी है और इस महीने के अंत तक मामले में एफआईआर दर्ज होने की संभावना है।