Follow Us:

मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथॉन में उमड़ी हजारों की भीड़, पड्डल से सेरी मंच तक निकली रैली, सीएम सुक्खू ने दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ, जिला पुस्तकालय का भी शिलान्यास

➤ छोटी काशी मंडी में सीएम सुक्खू की अगुवाई में एंटी चिट्टा वॉकथॉन, पड्डल से सेरी मंच तक निकली रैली
➤ हजारों स्टूडेंट्स, युवा, टीचर और अभिभावक शामिल, मुख्यमंत्री ने दिलाई चिट्टा सेवन न करने की शपथ
➤ मुख्यमंत्री जिला पुस्तकालय का शिलान्यास भी करेंगे, इसके बाद शिमला लौटकर कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता


मंडी। चिट्टे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को छोटी काशी मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथॉन की अगुवाई की। यह वॉकथॉन ऐतिहासिक पड्डल मैदान से शुरू होकर सेरी मंच तक निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री के साथ हजारों स्टूडेंट्स, युवा, टीचर, अभिभावक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पड्डल मैदान खचाखच भरा रहा।

एंटी चिट्टा वॉकथन में उमड़ी भीड़।

इस आयोजन के जरिए सरकार ने युवाओं और आम लोगों को चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। सीएम सुक्खू ने युवाओं और आम लोगों से चिट्टे का सेवन नहीं करने की अपील की और उन्हें शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों को भी चिट्टे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

मंडी का पड्डल मैदान खचाखच भरा।

सरकार का मानना है कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें पूरे समाज की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा।

वॉकथॉन से पहले विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के स्टूडेंट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नर्सिंग की छात्राओं ने नाटी डाली, वहीं छात्राओं ने नृत्य की प्रस्तुतियां भी दीं। रैली में विभिन्न स्कूलों के स्टूडेंट्स बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथन के दौरान नाचतीं छात्राएं।

मुख्यमंत्री सुक्खू मंडी दौरे के दौरान जिला पुस्तकालय का शिलान्यास भी करेंगे। उनका दोपहर 12:30 बजे कांगणीधार हेलीपैड के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है। इसके बाद सीएम वापस शिमला लौटेंगे और कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथन के दौरान बच्चों के साथ सीएम सुक्खू।

गौरतलब है कि नशे के खिलाफ अभियानों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका अहम मानी जाती है। बच्चों के व्यवहार, पढ़ाई, दोस्तों और खर्च में अचानक बदलाव दिखे तो उसे अनदेखा न करें। बच्चों से खुलकर बात करें और जरूरत पड़ने पर काउंसलर या नशा मुक्ति केंद्र की मदद लें। नशे से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस के साथ साझा कर समाज को चिट्टा मुक्त बनाने में सहयोग किया जा सकता है।