➤ हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए अनुराग शर्मा कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार
➤ कांगड़ा जिला अध्यक्ष अनुराग शर्मा पर हाईकमान ने खेला बड़ा दांव
शिमला। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए चल रही सियासी खींचतान के बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। कांग्रेस हाईकमान ने सबको चौंकाते हुए कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।
गौर हो कि पिछले कुछ दिनों से राज्यसभा सीट के लिए कई बड़े नामों की चर्चा चल रही थी, जिनमें आनंद शर्मा, प्रतिभा सिंह और रजनी पाटिल जैसे दिग्गज शामिल थे। हालांकि, मुख्यमंत्री सुक्खू लगातार इस बात पर जोर दे रहे थे कि उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश का स्थानीय निवासी ही होना चाहिए। अनुराग शर्मा के नाम पर मुहर लगाकर कांग्रेस ने न केवल स्थानीयता के मुद्दे को प्राथमिकता दी है, बल्कि कांगड़ा जैसे बड़े जिले को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देकर आगामी चुनावों के लिए एक मजबूत संदेश भी दिया है।

कांग्रेस के अनुसार पार्टी पूरी तरह एकजुट है और पिछली बार की तरह इस बार कोई ‘क्रॉस वोटिंग’ या राजनीतिक उलटफेर की संभावना नहीं है। कांग्रेस के पास वर्तमान में 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 विधायकों का स्पष्ट बहुमत है, जबकि भाजपा के पास 28 विधायक हैं। अनुराग शर्मा का चयन संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ को देखते हुए किया गया है। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार, इस सीट के लिए मतदान 16 मार्च 2026 को होगा, लेकिन संख्या बल को देखते हुए अनुराग शर्मा की जीत तय मानी जा रही है।



