Follow Us:

हिमाचल से राज्यसभा के लिए अनुराग शर्मा ने भरा नामांकन

➤ कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने विधानसभा सचिव के समक्ष दाखिल किया नामांकन
➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री और मंत्री रहे मौजूद
➤ भाजपा ने उम्मीदवार नहीं उतारा, अनुराग शर्मा की जीत लगभग तय


शिमला। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। उन्होंने विधानसभा सचिव यशपाल के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कई मंत्री और कांग्रेस विधायक भी मौजूद रहे।

राज्यसभा चुनाव के लिए पहले सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करने का कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन बाद में इसे बदल दिया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर 2:23 बजे विधानसभा पहुंचे। यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद वह विधायकों के साथ 2:40 बजे नामांकन दाखिल करने पहुंचे और औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई।

इस बार भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय है।

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने एक आम कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई भी साधारण कार्यकर्ता मेहनत और समर्पण से ऊंचे पद तक पहुंच सकता है।

भाजपा द्वारा उम्मीदवार नहीं उतारने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा उम्मीदवार खड़ा भी करती तो उसे करारी हार का सामना करना पड़ता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक निष्ठावान हैं और जो बिकाऊ थे, वे पिछली बार ही पार्टी छोड़कर चले गए।