Follow Us:

बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत को बताया ऐतिहासिक: अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत को बताया ऐतिहासिक
कहा- यह जीत प्रधानमंत्री मोदी पर जनता के बढ़ते भरोसे का प्रमाण
बंगाल में “सोनार बांग्ला” के नए युग की शुरुआत का दावा



नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक जनादेश करार दिया है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में मिली जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने इन राज्यों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचा है। उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और कुशल रणनीति को दिया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम दिखाता है कि जनता अब विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।

पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यह जीत “सोनार बांग्ला” के सुनहरे भविष्य का सूर्योदय है। उनके अनुसार राज्य में अब भय की राजनीति खत्म होगी और भरोसे की राजनीति स्थापित होगी। उन्होंने दावा किया कि जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ खड़े होने का फैसला किया है

उन्होंने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य अब माफियाराज से मुक्त होकर सुशासन की ओर बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा बंगाल में “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत के साथ काम करेगी और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और स्वामी विवेकानंद के सपनों के अनुरूप बंगाल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी बंगाल की अस्मिता, संस्कृति और पहचान को सहेजने और आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।

उन्होंने चुनाव में कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह जीत उन सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में काम किया और संघर्ष किया। उन्होंने यह भी दोहराया कि भाजपा आने वाले समय में राज्य में डबल इंजन सरकार के माध्यम से व्यापक विकास सुनिश्चित करेगी।