Follow Us:

अनुराग ठाकुर ने अपनी कुलदेवी माता अवाहदेवी का लिया आशीर्वाद

नवनीत बत्ता, हमीरपुर |

केन्द्रीय वित्त एवं कंपनी मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज अपनी कुल देवी माता अवाहदेवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा मां का शुभ आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्हें मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से माता की चुनरी  तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंदिर परिसर में अपने संबोधन में केन्द्रीय वित्त और कार्पोरेट राज्य  मंत्री अनुराग  सिंह ठाकुर ने जनता का उन्हें चौथी मर्तबा जीता कर संसद में भेजने के लिए दिल की गहराईयों से आभार व्यक्त किया। मंदिर परिसर में स्थानीय जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया था।

उन्होंने कहा कि 70 सालों में पहली बार भाजपा को 70 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं जो कि अपने आप में एक रिकार्ड है। इसका श्रेय कर्मठ कार्यकर्ताओं और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को जाता है। जनता के आशीर्वाद से उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है जिसे वह बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की बात को सुनने और उनकी समस्याओं के हल को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

इसके बाद खरवाड़ में आयोजित भागवत कथा में भी अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हुए और वहां उपस्थित जनता का अपनी जीत पर धन्यवाद व्यक्त किया।  इसके बाद गांव ढोह,सनेड़, तरक्वाड़ी, खरवाड़, पटटा तथा उखली में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अनुराग सिंह ठाकुर के केन्द्रीय राज्य  मंत्री  बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई दी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। तरक्वाड़ी बाजार में स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय जनता द्वारा आतिशबाजी और पारम्परिक वाद्य यंत्रों की धुन पर गर्मजोशी से अनुराग सिंह ठाकुर का स्वागत किया गया।

तरक्वाड़ी तथा पटटा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों का बड़ा हार पहनाकर सम्मानित किया। उस समय ऐसा लग रहा था कि संपूर्ण भोरंज क्षेत्र अनुरागमय हो गया हो। भोरंज की एमएलए कमलेश कुमारी, महिला मोर्चा और पूर्व मंडलाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने शाल, टोपी भेंट कर सम्मानित किया। कड़ी धूप से बेपरवाह लोग जगह-जगह सड़क किनारे अपने लोकप्रिय नेता की एक झलक पाने को बेताब दिखे।  इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके साथ  डांस कर अपनी खुशी का भी इज़हार किया।