-
अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर में निर्माणाधीन रेल लाइन का निरीक्षण किया
-
भड़ोली कलां में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा का उद्घाटन किया
-
प्रदेश सरकार की नाकामियों पर साधा निशाना, केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया
Bilaspur Railway Project: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मंगलवार को बिलासपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर में निर्माणाधीन रेल लाइन के कार्यों की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार हर साल इस रेल परियोजना के लिए 2000 करोड़ रुपये आवंटित कर रही है, जिससे हिमाचल में विकास को गति मिली है।
अपने दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने भड़ोली कलां में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा का उद्घाटन किया और सलवाड़ व भड़ोली कलां में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में सरकार पूरी तरह विफल रही है। महिला, बुजुर्ग, किसान और युवाओं से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में यूपीए सरकार थी तो हिमाचल के रेल विकास को नजरअंदाज किया गया, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए परियोजना को पर्याप्त धन मुहैया कराया। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को विकास में पीछे धकेलने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा के नेतृत्व में ही राज्य में तेज़ी से विकास संभव हुआ है।
रेल लाइन निर्माण का निरीक्षण करने के बाद अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि कार्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह रेल परियोजना हिमाचल के विकास के लिए एक बड़ी सौगात है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति प्रदेश हमेशा आभारी रहेगा।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, झंडूता विधायक जेआर कटवाल, श्री नयना देवी जी विधायक रणधीर शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णलाल चंदेल, भाजपा नेता सोनल शर्मा सहित कई अधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



