Follow Us:

हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर को फिर ‘संसद रत्न ‘

हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर को फिर मिला प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न अवॉर्ड 2026’

उनकी अध्यक्षता वाली संसदीय समिति को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना गया

समिति ने एक वर्ष में 23 रिपोर्ट और 50 से अधिक बैठकें कर बनाया रिकॉर्ड


हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के नाम एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें एक बार फिर प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। इस बार यह सम्मान व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय उनकी अध्यक्षता वाली कोयला, स्टील एवं खान संसदीय स्थायी समिति को संसद में उत्कृष्ट कार्य और प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जा रहा है।

यह सम्मान संसद में सक्रिय भागीदारी, प्रभावी कार्यशैली और राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर अध्ययन के लिए दिया जाता है। अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता वाली समिति ने बीते एक वर्ष में रिकॉर्ड स्तर पर काम करते हुए कई महत्वपूर्ण रिपोर्ट संसद में प्रस्तुत कीं।

यह पहला मौका नहीं है जब अनुराग ठाकुर को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया हो। इससे पहले वर्ष 2019 में 16वीं लोकसभा के दौरान उनके शानदार व्यक्तिगत संसदीय प्रदर्शन के लिए भी उन्हें ‘संसद रत्न’ पुरस्कार मिल चुका है। लगातार दूसरी बार इस सम्मान से जुड़ना उनके राजनीतिक और संसदीय करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

कोयला, स्टील एवं खान संसदीय स्थायी समिति ने 18वीं लोकसभा के दौरान अब तक 23 महत्वपूर्ण रिपोर्ट संसद में पेश की हैं। इन रिपोर्टों में देश के विकास, ऊर्जा सुरक्षा और खनन क्षेत्र से जुड़े अहम विषयों को शामिल किया गया।

समिति ने कोयला खनन और पर्यावरण स्वीकृति प्रक्रिया, जिला खनिज फाउंडेशन निधि (DMF Fund) के उपयोग, स्टील स्क्रैप रिसाइक्लिंग नीति, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) के प्रदर्शन और खनन व इस्पात क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत अध्ययन किया।

समिति की सबसे बड़ी उपलब्धियों में एक वर्ष के भीतर 50 से अधिक बैठकें आयोजित करना भी शामिल है। इन बैठकों के माध्यम से ऊर्जा और खनन क्षेत्र में सुधार के लिए कई अहम सुझाव केंद्र सरकार को सौंपे गए हैं।

संसद रत्न पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2010 में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की प्रेरणा से की गई थी। इस सम्मान का उद्देश्य उन सांसदों और संसदीय समितियों को प्रोत्साहित करना है जो सदन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हैं।

इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इसे पूरे हिमाचल प्रदेश और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उनके संसदीय दायित्वों और विकसित भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती देगा।

उन्होंने समिति के सभी सदस्यों और चयन समिति का आभार जताते हुए कहा कि देशहित में काम करने की उनकी प्रतिबद्धता आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।