Follow Us:

सेब खरीद के नाम पर शिमला के आढ़ती से 44.53 लाख की ठगी

➤ सेब खरीद के नाम पर शिमला के आढ़ती से 44.53 लाख रुपये की धोखाधड़ी
➤ पश्चिम बंगाल निवासी लदानी के खिलाफ ढली थाना में मामला दर्ज
➤ हर साल सेब सीजन में करोड़ों की ठगी, बागवान और आढ़ती परेशान


हिमाचल प्रदेश में सेब खरीद के नाम पर धोखाधड़ी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। शिमला की एपीएमसी सब्जी मंडी ढली में कार्यरत एक आढ़ती से 44.53 लाख रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी लदानी के खिलाफ ढली पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में विकास शर्मा, मैसर्ज विकास फ्रूट कंपनी, दुकान नंबर-4, एपीएमसी सब्जी मंडी ढली ने बताया कि वर्ष 2024 के सेब सीजन के दौरान पवन कुमार उर्फ पबन कुमार उर्फ मिथुन, निवासी गांव घुघुरमल, पोस्ट ऑफिस हटखोला, शाहपुर, नॉर्थ दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल ने उनसे सेब खरीदे थे। आरोपी उस दौरान सेक्टर-1 न्यू शिमला में रह रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने कुल 1,18,25,310 रुपये के सेब खरीदे, जिसमें से केवल 73,71,316 रुपये का भुगतान किया गया। यह राशि पंजाब नेशनल बैंक, संजौली शाखा में उनकी फर्म के खाते में जमा की गई, जबकि 44,53,994 रुपये की राशि अब तक अदा नहीं की गई। इससे आढ़ती को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

पुलिस ने आरोपी लदानी के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


हर साल करोड़ों की धोखाधड़ी

प्रदेश सरकार और पुलिस के दावों के बावजूद सेब सीजन के दौरान हर साल बागवानों और आढ़तियों से करोड़ों रुपये की ठगी हो रही है। अधिकतर मामलों में दूसरे राज्यों के लदानी सेब खरीदने के बाद भुगतान किए बिना फरार हो जाते हैं।

हाल ही में रोहड़ू थाना में 60 लाख रुपये के भुगतान न होने की शिकायत दर्ज हुई थी, जबकि शिलारू फल मंडी में 3.40 करोड़ और 1.70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ चुके हैं। जिले के अलग-अलग थानों में इस तरह के कई मामले दर्ज हैं, जिससे सेब कारोबार से जुड़े लोग गंभीर चिंता में हैं।