Follow Us:

हमीरपुर के अर्जुन ठाकुर स्वार्ड ऑफ ऑनर और गोल्ड मेडल से सम्मानित

नवनीत बत्ता, हमीरपुर |

भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से पासआउट होकर शनिवार को 347 जांबाज अफसर भारतीय सेना का हिस्सा बन गए।  उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अन्बु परेड स्थल पर पहुंचे और परेड की सलामी ली। इसके बाद बहादुर कैडेट्स को पुरस्कृत किया गया।

जिसमें स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और गोल्ड मेडल जेंटलमैन कैडेट (अब लेफ्टिनेंट) अर्जुन ठाकुर को मिला। अर्जुन ठाकुर हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। आईएमए में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान अर्जुन ने हरफनमौला प्रदर्शन किया था। अर्जुन के पिता यशवीर सिंह सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। मां सुनीता देवी भी शिक्षिका हैं। अपने इकलौते बेटे के कंधे पर सितारे चमकते और स्वार्ड ऑफ ऑनर देख माता और पिता काफी खुश दिखे।

आरआईएमसी से पासआउट होने के बाद अर्जुन का चयन एनडीए में हुआ था। अर्जुन ठाकुर ने बातचीत में कहा कि आरआईएमसी में मिली शिक्षा, पिता की प्रेरणा और परिश्रम का ही प्रतिफल है कि सैन्य अफसर बनने का सपना पूरा हुआ। उन्हें 6/8 जीआर में कमीशन मिला है। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट विशाल चंद्र वाजी (नेपाल) और सैंगरो कंपनी को इस बार चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर दिया गया।