Follow Us:

नाहन में महिलाओं के लिए सम्मेलन पर विधानसभा अध्यक्ष बोले- नारी सशक्त तो हिमाचल सशक्त

मनोज धीमान |

नाहन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल आज नाहन दौरे पर रहे और डॉ बिंदल ने नाहन के एसएफडीए हॉल में महिला स्वयं सहायता समूहों के विशाल सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सम्मेलन में जिला भर से आई सैंकड़ों महिलाएं शामिल हुई, जिन्हें रोजगार से संबंधित विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया। एक दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में सिरमौर की शान लोईया भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के इरादे से आयोजित किया गया था। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने महिलाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।

मीडिया से बात करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि जिला सिरमौर में किसानों की आमदनी बढ़े और हमारी महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो, इस दिशा में विहगम प्रयास किए जा रहे हैं। नए-नए स्वयं सहायता समूह बनाए जा रहे हैं, जिन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आज के इस कार्यक्रम में भी करीब 800 महिलाएं हिस्सा ले रही है, जिनकी अनेक प्रकार से आमदनी को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बिंदल ने कहा कि नींबू, मशरूम, पत्तल-डोनो आदि के माध्यम से महिलाओं की आमदनी बढ़े। इसी के तहत आज नाबार्ड को भी शामिल किया गया है, ताकि इसके लिए कोई सेल मार्किट भी डेवेल्प की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि महिला सशक्त हैं, तो हमारा इलाका सशक्त है। महिला सशक्त है तो हमारा सिरमौर सशक्त है। महिला सशक्त है तो हिमाचल सशक्त है। महिला काम भी करेगी और सम्मान के साथ भी जीएगी, यह लक्ष्य लेकर हम चले हैं।