➤ नेरचौक मेडिकल कॉलेज के बाहर BJP विधायक और कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन
➤ अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी को सरकाघाट शिफ्ट करने के विरोध में प्रदर्शन
➤ सीएम सुक्खू आज नेरचौक दौरे पर, कई प्रोजेक्ट्स का करेंगे उद्घाटन
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के नेरचौक दौरे पर हैं। लेकिन सीएम के पहुंचने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक और कार्यकर्ता अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी को सरकाघाट स्थानांतरित करने के विरोध में नेरचौक मेडिकल कॉलेज के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
सीएम सुक्खू ने 15 अगस्त को घोषणा की थी कि अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी को नेरचौक से सरकाघाट स्थानांतरित किया जाएगा। इसी फैसले का विरोध करते हुए BJP विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि यूनिवर्सिटी 2019 से बल्ह में संचालित हो रही है और यहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। बावजूद इसके, सरकार इसे शिफ्ट करने की कोशिश कर रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों में असंतोष है।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि सीएम के दौरे के दौरान उनका शांतिपूर्ण स्वागत किया जाएगा और उनके सामने मांग रखी जाएगी। यदि सीएम नेरचौक में ही यूनिवर्सिटी को बनाए रखने की घोषणा करते हैं तो धरना समाप्त कर दिया जाएगा, अन्यथा प्रदर्शन को और उग्र करने की चेतावनी दी गई है।
वहीं दूसरी ओर, सीएम सुक्खू कुछ ही देर में नेरचौक पहुंचने वाले हैं, जहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे राज्य दाई प्रशिक्षण केंद्र, व्यापक स्तनपान प्रबंधन केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र और एंडोस्कोपी सुविधा का भी शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा, विद्यार्थियों के लिए छात्रावास भवन का शिलान्यास किया जाएगा। सीएम सुक्खू लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, नेरचौक में आयोजित छात्रों के वार्षिक समारोह ‘आइरिस-2025’ की अध्यक्षता भी करेंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस समारोह में कई मेडिकल कॉलेज भाग ले रहे हैं और आयोजन से प्राप्त धनराशि को आपदा प्रभावितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया जाएगा। इस कदम से कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का संदेश भी जाएगा।



