Follow Us:

रोहतांग: हिमस्खलन में BRO जवान सहित 3 दबे, टीम ने ऐसे किया रेस्क्यू

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल प्रदेश में शनिवार से मनाली में खराब चल रहे मौसम से जहां घाटी में लगातार बर्फबारी और बारिश जारी है। वहीं, शनिवार शाम को रोहतांग टनल के नॉर्थ पोटल के समीप हिमस्खलन हुआ। जिसकी चपेट में दो लोग और एक बीआरओ का जवान आ गए। मौके पर पहुंची रोहतांग टनल की रेस्क्यू टीम ने बर्फ में दबे जवान को बड़ी मशक्कत के बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक दो स्थानीय लोग और सेना का एक बीआरओ जवान सिस्सू आर्मी कैंप से मनाली की ओर आ रहे थे। तभी रोहतांग सुरंग के मुहाने के पास अचानक पहाड़ी से हिमस्खलन होने के कारण तीनों बर्फ की चपेट में आ गए। जवान के अतिरिक्त अन्य दो लोगों पर कम बर्फ गिरने के कारण वे तुरंत बाहर निकले और रेस्क्यू टीम को संपर्क किया।

गनीमत रही कि बर्फ में करीब डेढ़ घंटे तक रहने के बाद भी जवान की सांसे चल रही थीं। जवान को बर्फ से निकालकर पलचान के ट्रांजिट कैंप में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, बर्फ में फंसे दो अन्य लोगों के ऊपर ज्यादा बर्फ न होने के कारण वे पहले ही सुरक्षित बाहर निकल गए थे।