Follow Us:

बाबा बालक नाथ मंदिर के चढ़ावे में खेल? ऑडिट में चांदी गायब

बाबा बालक नाथ मंदिर के चांदी चढ़ावे के रिकॉर्ड में ऑडिट के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई
110 ग्राम चांदी के स्थान पर स्टॉक रजिस्टर में केवल 11.099 ग्राम दर्ज होने का मामला
करीब 99 ग्राम चांदी के अंतर पर ऑडिट टीम ने मांगा स्पष्टीकरण, जवाब का इंतजार


हमीरपुर: दियोटसिद्ध स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के रिकॉर्ड को लेकर विभागीय ऑडिट में गंभीर अनियमितता सामने आई है। ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, एक श्रद्धालु द्वारा दान की गई 110 ग्राम चांदी को मंदिर के स्टॉक रजिस्टर में केवल 11.099 ग्राम दर्ज किया गया, जिससे रिकॉर्ड में लगभग 99 ग्राम चांदी का अंतर पाया गया।

जानकारी के अनुसार यह मामला दिसंबर 2021 का है। उस समय श्रद्धालु राकेश जैन ने मंदिर में 110 ग्राम चांदी दान की थी। हालांकि, स्टॉक रजिस्टर में इसकी प्रविष्टि 11 ग्राम 099 मिलीग्राम के रूप में दर्ज की गई।

विभागीय अंकेक्षण (ऑडिट) के दौरान जब रिकॉर्ड की जांच की गई तो यह विसंगति सामने आई। इसके बाद ऑडिट टीम ने मंदिर प्रशासन से इस अंतर को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। रिपोर्ट के अनुसार, ऑडिट प्रक्रिया पूरी होने तक इस संबंध में कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

मामले के सामने आने के बाद मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव, रिकॉर्ड प्रबंधन और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब यह जांच का विषय है कि रिकॉर्ड में यह अंतर किस कारण से हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी।

यह मामला श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान के सही लेखा-जोखा और मंदिर प्रशासन की जवाबदेही को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगे की कार्रवाई संबंधित विभागीय जांच और प्रशासनिक निर्णय पर निर्भर करेगी।