Follow Us:

बाबा बालक नाथ मंदिर मार्ग पर पहाड़ी से गिरी चट्टान, दो बच्चे बाल-बाल बचे; महिला श्रद्धालु घायल

➤ रात सवा दस बजे बैरियर नंबर एक के पास हुआ हादसा
➤ चट्टान के टुकड़ों की चपेट में आने से महिला घायल, बच्चे सुरक्षित
➤ ट्रस्ट ने फेंसिंग और अतिरिक्त सुरक्षा उपायों का दिया आश्वासन



बाबा बालक नाथ मंदिर क्षेत्र में वीरवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर मार्ग पर बैरियर नंबर एक के समीप पहाड़ी से अचानक चट्टान दरक कर सड़क पर आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से अमृतसर निवासी एक महिला श्रद्धालु घायल हो गई। महिला की पहचान देवी (40) के रूप में हुई है। वह अपने दो बच्चों के साथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब सवा दस बजे 15 से 20 श्रद्धालुओं का एक जत्था मंदिर की ओर जा रहा था। जैसे ही श्रद्धालु बैरियर नंबर एक के पास पहुंचे, तभी साथ लगती पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान नीचे आ गिरी। चट्टान सड़क पर गिरने के बाद उसके टुकड़े उछलकर महिला को लगे, जिससे उसके घुटने और बाजू में चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि उसके साथ मौजूद दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत घायल महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों प्रवीण कुमार और दीपक कल्पेश ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की टैक्सी सेवा में उपलब्ध फर्स्ट एड किट की मदद से महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे ट्रस्ट के अस्थायी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद मंदिर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर कई संवेदनशील ढलान वाले स्थान हैं, जहां से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र में भूस्खलन की घटना सामने आई थी।

मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही कर्मचारियों और एंबुलेंस को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित स्थान पर फेंसिंग और जालियां लगाई जाएंगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल श्रद्धालुओं को दूसरे किनारे से सुरक्षित मार्ग से गुजरने के निर्देश दिए गए हैं।