➤ एचआरटीसी बस में गर्भवती महिला ने दिया बच्ची को जन्म, रास्ते में गूंजी किलकारी
➤ ददाहू से नाहन जा रही बस में प्रसव पीड़ा बढ़ी, महिला यात्रियों ने संभाली स्थिति
➤ बनोग के पास 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
हिमाचल प्रदेश में एक अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस में ही एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दे दिया। यह घटना सिरमौर जिले में उस समय हुई जब महिला को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया जा रहा था। बस में अचानक शुरू हुई प्रसव पीड़ा के बीच महिला यात्रियों की मदद से सुरक्षित डिलीवरी हो गई। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं और उन्हें मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कुंहट-हरिपुरधार-रेणुकाजी-नाहन रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस शुक्रवार शाम करीब सात बजे ददाहू से नाहन के लिए रवाना हुई थी। इसी बस में मलगांव के समीप रहने वाली गर्भवती महिला सरोज अपने पति और सास के साथ प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन जा रही थी। बस में तीनों पीछे की बड़ी सीट पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि जमटा से आगे दोसड़का के पास पहुंचते ही महिला की प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गई और वह दर्द से कराहने लगी। स्थिति को देखते हुए बस में बैठे पुरुष यात्री आगे की सीटों पर चले गए, जबकि महिला यात्री पीछे आकर उसकी मदद करने लगीं। दर्द असहनीय होने के कारण थोड़ी ही देर में महिला ने बस के भीतर ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दे दिया।
घटना के बाद बस में मौजूद एक महिला यात्री ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। इस दौरान बस चालक वाहन को तेज़ी से नाहन की ओर लेकर बढ़ता रहा। बाद में बनोग के पास एंबुलेंस पहुंची और जच्चा-बच्चा को बस से उतारकर एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने करीब शाम सवा आठ बजे बस में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल में जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य है और उनका उपचार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार महिला को डॉक्टरों ने अभी प्रसव की तारीख काफी दूर बताई थी। एहतियातन परिवार वाले उसे पहले ही अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक समय से पहले प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और बस में ही डिलीवरी हो गई। यात्रियों का कहना है कि महिला को पिछली सीट पर बैठने से झटका ज्यादा लगा होगा, जिससे दर्द तेज हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एचआरटीसी बस में बच्चे के जन्म का शायद यह पहला मामला है। इस घटना के बाद बस में मौजूद यात्रियों के बीच आश्चर्य और खुशी दोनों का माहौल देखने को मिला।



