Follow Us:

शिवरात्रि के लिए रवाना हुए बड़ा देव कमरूनाग, 25 को भगवान माधोराय के साथ होगा मिलन

|

Kamrunag Shivratri Procession: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होने के लिए मंडी जनपद के बड़ा देव कमरूनाग आज अपने लाव-लश्कर के साथ मंडी के लिए रवाना हो गए। नौ दिन की पैदल यात्रा के बाद 25 फरवरी को मंडी पहुंचने पर बड़ा देव कमरूनाग और भगवान माधोराय का भव्य मिलन होगा।

यात्रा का निर्धारित कार्यक्रम

बड़ा देव कमरूनाग का यात्रा मार्ग पूर्व निर्धारित है, जिसमें विभिन्न पड़ाव शामिल हैं:

  • 17 फरवरी: जुलाह गांव (खारसी के समीप) में रात्रि विश्राम।
  • 18 फरवरी: चेलचौक।
  • 19 फरवरी: लोट (घाहड़ी)।
  • 20 फरवरी: बटेहड़ा।
  • 21-22 फरवरी: सुंदरनगर में प्रवास।
  • 23 फरवरी: नलसर।
  • 24 फरवरी: चंडयाल।
  • 25 फरवरी: मंडी में माधोराय के साथ भव्य मिलन, जिसके बाद टारना मंदिर पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए 20 से अधिक मेहमानवाजियां तय

देवता के कटवाल काहन सिंह ठाकुर ने बताया कि इस नौ दिवसीय पैदल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आग्रह पर लगभग 20 से अधिक मेहमानवाजियों की व्यवस्था की गई है। देवता के कारिदों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

शिवरात्रि महोत्सव में कई देवी-देवता होंगे शामिल

बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने के साथ ही शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत आरंभ होगा। इस भव्य आयोजन में गोहर उपमंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रीदेव कमरूनाग सहित तीन दर्जन से अधिक देवी-देवता शामिल होंगे। इनमें से करीब दर्जनभर देवी-देवताओं को उनके कारिदे पैदल यात्रा कर मंडी पहुंचाएंगे, जबकि अन्य देवी-देवताओं को वाहनों के माध्यम से लाया जाएगा।