Follow Us:

हिमाचल में दिनदहाड़े गन प्‍वाइंट पर मोबाइल दुकान लूटी

बद्दी के काठा में दिनदहाड़े मोबाइल दुकान पर पिस्तौल के बल पर लूट
नकदी और तीन मोबाइल लेकर बाइक पर फरार हुए नकाबपोश
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच


हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। काठा स्थित चंदन कम्यूनिकेशन सेंटर में दो नकाबपोश युवकों ने पिस्तौल की नोक पर दुकानदार से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात दोपहर बाद करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर तीन युवक दुकान के बाहर पहुंचे। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो नकाबपोश अंदर घुस आए। उस समय दुकान में संचालक चंदन और उसके साथ एक युवक फिरोज मौजूद थे। आरोपियों ने अंदर घुसते ही शटर नीचे कर दिया और एक ने दुकानदार की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। इसी दौरान दुकान में आए एक ग्राहक पर तलवार से वार किया गया, जिससे उसे हल्की चोट आई।

लुटेरों ने गल्ले में रखी नकदी समेट ली और करीब 17-17 हजार रुपये कीमत के दो नए मोबाइल फोन व एक पुराना फोन भी उठा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से बाहर निकले और पहले से स्टार्ट बाइक पर बैठकर फरार हो गए। दुकानदार ने शटर उठाकर शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से निकल चुके थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।