Follow Us:

गाड़ी में बैठे पिता पर दराट से हमला, कांगड़ा में रिश्तों का खून

➤ बैजनाथ मिनी सचिवालय में बेटे ने पिता पर दराट से किया जानलेवा हमला
➤ न्यायालय में पेशी के दौरान कार में बैठे पिता पर अचानक हुआ हमला
➤ पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से हिरासत में लिया, जांच जारी



हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया, जब बैजनाथ के मिनी सचिवालय परिसर में एक बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पिता पर दराट से जानलेवा हमला कर दिया
यह हमला सुबह करीब 11:30 बजे हुआ, जब पीड़ित पिता लेखराज न्यायालय में चल रहे एक केस की पेशी पर आया हुआ था और मिनी सचिवालय के समीप अपनी गाड़ी में बैठा था

अचानक उसके बेटे विनोद कुमार, जो पपरोला के ठारू गांव का निवासी है, ने अपने दोस्त के साथ मिलकर दराट से लेखराज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में लेखराज की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे विनोद कुमार को हिरासत में ले लिया गया। घायल लेखराज को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, बाप-बेटे के बीच पहले से घरेलू विवाद था, और इस संबंध में कुछ पुराने झगड़ों की भी जानकारी सामने आई है। हमले के पीछे की पूरी साजिश, कारण और शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है

इस वारदात ने न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थान की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है