Follow Us:

बंगाणा में बड़ा हादसा, खड्ड में डूबकर तीन स्कूली छात्राओं की मौत


➤ बंगाणा की खड्ड में डूबने से तीन स्कूली छात्राओं की मौत
➤ घर नहीं लौटने पर खोजबीन में मिला हादसे का सुराग
➤ गांव में मातम, मृतक बच्चियां सातवीं और आठवीं की छात्राए


 ऊना जिले के बंगाणा विकास खंड की पंचायत वल में वीरवार को दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां तीन स्कूली छात्राओं की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय बच्चियां खड्ड के किनारे खेलने गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीणों को खड्ड के पास एक बच्ची की चप्पल दिखाई दी। आगे जाकर देखा तो दो बच्चियों के शव पानी की सतह पर तैर रहे थे।

ग्रामीणों ने तुरंत तीनों को पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थाना कलां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चियों की पहचान खुशी पुत्री मनजीत, कोमल और सोनाक्षी पुत्री अजय कुमार के रूप में हुई है। तीनों छात्राएं राजकीय स्कूल सनहाल में सातवीं और आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं।

ग्रामीणों के अनुसार, सबसे पहले एक बच्ची का पैर फिसलकर वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दो भी पानी में उतरीं और तीनों की जिंदगी खड्ड के गहरे पानी में समा गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

बताया गया कि मृतक बच्चियों में से एक के पिता मनजीतराम ड्राइवर हैं, जिनके पास ट्रैक्टर और जीप है। दूसरी बच्ची की बहन लिदकोट से यहां अपनी मासी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। यह दर्दनाक हादसा पूरे इलाके के लिए गहरे सदमे जैसा है।